बड़ौत। बावली गांव में जमीन के विवाद में पड़ोसियों ने घर में आग लगाकर एक परिवार को जिंदा जलाने का प्रयास किया। यही नहीं वे बाहर भागे तो उन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
बावली गांव के सतपाल व जोगेंद्र पुत्रगण फेरू का उनके ही पड़ोसी राजकुमार से जमीन का विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार की रात दोनों भाई परिवार सहित घर में सोए थे तो राजकुमार पक्ष के लोगों ने घर में आग लगा दी। जब उनकी आंख खुली तो जैसे ही अपने जान बचाकर बाहर निकले तो उन पर बाहर खड़े आधा दर्जन लोगों ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। जिसमें सतपाल व जोगेंद्र घायल हो गए और उनका हजारों रुपये का सामान भी जलकर राख हो गया। सूचना पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि हमलावर हाथ नहीं लग सके। कोतवाली पर दो लोगों के नामजद और अन्य चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।