बड़ौत (बागपत)। क्षेत्र के गांव खड़खड़ी के ग्रामीणों ने रविवार को गांव में प्रदर्शन कर डीएम से हस्तक्षेप कर गांव में स्थित सरकारी पशु अस्पताल भवन से अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की। साथ ही कहा यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो ग्रामीण बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगाकर उग्र आंदोलन शुरू करेंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में सरकारी पशु अस्पताल है। इस पर गांव के कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। उन्होंने अस्पताल के बरामदे में ट्रैक्टर ट्राली, बुग्गी आदि अपना सामान खड़ा कर रखा है। अस्पताल की छत पर गोबर डाला जा रहा है। जब भी अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने इसका विरोध किया तो उन्हें भी मारपीट कर भगा दिया। अब वे डर के कारण अस्पताल भी नहीं आते हैं। इस कारण ग्रामीणों को अपने पशुओं का इलाज गांव से 5 से 10 किलोमीटर दूर जाकर कराना पड़ता है। ग्रामीणों ने जब प्रधान शमीम से शिकायत की तो उन्होंने अवैध कब्जा हटाने को कहा। इस पर लोगों ने उनके साथ भी हाथापाई की गई।
अवैध कब्जा हटवाने की मांग को लेकर प्रधान शमीम के नेतृत्व में ग्रामीण कई बार डीएम, पशु चिकित्साधिकारी और एसडीएम से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो ग्रामीण बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगाकर आंदोलन शुरू करेंगे। प्रधान शमीम ने कहा वे कई बार अवैध कब्जे को हटवाने की मांग प्रशासनिक अफसरों से कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने कहा कि शिकायत मिली है। प्रदर्शन मेें इकबाल, समीर, जमील, मेहरबान, शौकीन, तेजपाल, हरेंद्र, सुखवीर, संजीव, कल्लू, बंटी शामिल रहे।