सिसाना गांव के यमुना खादर में साढ़े तीन साल पहले हुई मुसाहिद की हत्या में फरार चल रही आरोपी महिला ने सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा। इस मामले में छह आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं।
मुजफ्फरनगर के थाना रतनपुरी के रियावली नंगला गांव निवासी मुसाहिद पुत्र नसरू की सितंबर 2015 में ग्यारह लोगों ने बागपत के सिसाना गांव के यमुना खादर में हत्या की। धारदार हथियार से उसके हाथ, पैर व गर्दन काट कर धड़ को यमुना नदी में बहाया । इतना ही नहीं आरोपी अपने गांव रियावली नंगला में मृतक के सिर को लेकर घूमे । हत्या के बाद हर्ष फायरिंग की और डीजे पर भी नाचे । मृतक के भाई शाहिद ने मनव्वर, अवरार, इंसाद, जवाउल, शाकिर, सय्याद, जिल्लू, बासिर, शायरा पत्नी तैमूर निवासी गांव रियावली नंगला जनपद मुजफ्फरनगर, तौहिद पुत्र सलमू निवासी निवाड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस विवेचना में नौशाद पुत्र यामीन निवासी रियावली नंगला का नाम प्रकाश में आया । इस मामले में अवरार, इंसाद, सैयाद, बासिर, तौहिद, नौशाद पहले ही जेल जा चुके हैं। फरार शायरा ने बृहस्पतिवार को सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। अब इस तीन आरोपी फरार हैं। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि महिला ने कोर्ट में सरेंडर किया। रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ होगी।