खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को बागपत जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बसौद निवासी मोमीन कैंटर चालक है। वह कैंटर चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। बृहस्पतिवार की सुबह वह कैंटर में टमाटर लादकर मध्य प्रदेश से बागपत आ रहा था। जब वह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर खेकड़ा टोल के समीप पहुंचा तभी कैंटर अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गया। कैंटर पलटने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कैंटर पलटने से मार्ग पर टमाटर बिखर गए। साथ ही कैंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल को इलाज के लिए बागपत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर घायल के परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए। मार्ग पर कैंटर पलटने से वाहनों का आवागमन भी बाधित हो गया। कैंटर मालिक ने मौके पर जेसीबी मंगवाकर मार्ग से कैंटर हटवाया। इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।