बड़ौत (बागपत)। बरवाला गांव के एक उपभोक्ता को ऊर्जा निगम ने बिना जांच पड़ताल किए 28 लाख रुपये का बिल भेजा। इससे उपभोक्ता की दिल की धड़कन बढ़ गई और उसने एक्सईएन प्रथम कार्यालय में शिकायत की। अधिशासी अभियंता ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बरवाला गांव निवासी बिजेन्द्र ने मई माह में सौभाग्य योजना में दो किलोवाट का विद्युत कनेक्शन लिया । इसके दो माह बाद भी जब उसका बिल नहीं आया तो वे एक्सईएन प्रथम कार्यालय में पहुंचा और बिल भेजने की मांग की, लेकिन बिल तैयार नहीं किया। कई बार वह ऐसे ही विद्युत निगम के दफ्तर के चक्कर काटता रहा। जब किसी ने नहीं सुनवाई की तो वह थक कर घर बैठ गया। बृहस्पतिवार की दोपहर उसे घर बिजली कर्मचारी पहुंचे और बिना जांच पड़ताल उसे 28 लाख रुपये का बिल थमा दिया। इससे उसके पैर के नीचे से जमीन खिसक गई। शुक्रवार को वह परेशान हाल एक्सईएन प्रथम कार्यालय में पहुंचा। अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह ने कहा कभी कभार त्रुटिवश बिल चला जाता है, इस बिल को जल्द से जल्द ठीक करा दिया जाएगा।