बागपत। खेकड़ा क्षेत्र के गांव बड़ागांव स्थित त्रिलोक तीर्थ धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। बागपत के विधायक योगेश धामा ने दावा कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर बड़ागांव के निकट कट दिए जाने की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इससे कई राज्यों के श्रद्धालुओं को लाभ हो सकेगा।
बागपत विधायक योगेश धामा ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बड़ागांव में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर कटने की मांग की। जैन समाज के त्रिलोक तीर्थ धाम पर हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहता है। अभी तक लोग मवी कलां कट से चक्कर लगाकर धाम तक पहुंच रहे थे। कट की स्वीकृति प्राप्त हो गई है, इससे सैलानियों को लाभ होगा। इसके अलावा भगौट, शरफाबाद, फुलैरा, सिंघौली, चमरावल, मंसूरपुर, लहचौड़ा, पिलाना और खेकड़ा क्षेत्र के लोगों को भी लाभ होगा। धामा ने कहा कि कट के निर्माण से बेहद लाभ होगा। इससे क्षेत्र के किसानों और सैलानियों दोनों को लाभ हो सकेगा।