बागपत। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ रही। विभिन्न समस्याओं को लेकर लोग डीएम ऋषिरेंद्र कुमार और एसपी जयप्रकाश से मिले और शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। डीएम ने संबंधित अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम को शिकायत करते हुए आंगनबाड़ी संघ की मंडल सचिव सुनीता रंगा ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को छह माह से वेतन नहीं मिला है। जून 2016 में नगर पालिका की ओर से चुनाव और संबंधी कार्य कराया गया है जिसका मानदेय अभी तक नहीं मिला है। कई बार इस मामले की शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई की गई। बबीता सोनी, रेखा जैन, रजनी, सीमा जैन, इंदेश, रेखा चौहान, अंशु, गीता, नीलम शर्मा, सीमा मेहता और मंजू मौजूद रहे।
अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी लक्ष्मी चन्द पुत्र बेगराम ने शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसका खेत गांव के मछली तालाब के पास है, जिसका गंदा पानी उसके खेत में घुस रहा है। इससे उसकी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। उसने इसे लेकर कई बार शिकायत भी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्ला मुगलपुरा के लोगों ने शिकायत पत्र देते हुए बताया कि मोहल्ले के एक व्यक्ति अपने कच्चे मकान पर टावर लगवा रहा है, जो कभी भी गिर सकता है, जिससे आसपास के लोगों को जान का खतरा है। आबिदा, आसिफ, शहजाद, जुनैद, हारूण, इलियास, आरिफ ने टॉवर हटवाने की मांग की।
खट्टा प्रहलादपुर गांव निवासी विक्रम पुत्र तिलकराम ने बताया कि उसके मकान पर परिवार के लोगों ने कब्जा कर रखा है। एसपी से कब्जा मुक्त कराने की मांग की। नंगला जाफराबाद गांव निवासी कटार सिंह पुत्र कर्णसिंह ने बताया कि सरकारी नाली पर लोगों ने कब्जा कर रखा है जिससे फसलों की सिंचाई करने में परेशानी हो रही है। वहीं चक पर अवैध कब्जा किया हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।