बागपत। शहर के गायत्री पुरम मोहल्ले में पाइप लाइन लीकेज होने से पांच मकानों में दरार आ गई। स्थानीय लोगों ने समाधान दिवस में प्रकरण की शिकायत की गई। उन्होंने कहा पालिका ने जेसीबी भेजकर मकान के लिए लगवाए पिलरों को तोड़ने का प्रयास किया गया। पीड़ित परिवार के लोगों ने हंगामा किया।
नगर पालिका ने लोगों के घरों तक पानी की सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाई । स्थानीय लोगों ने कहा शहर के गायत्रीपुरम मोहल्ले में पाइप लीकेज होने से डॉ. शराफत, चांद मोहम्मद, मास्टर आजाद, रामपाल सैनी, बालेश्वर और रहीशू के घरों में दरार आई है। इसकी शिकायत नगर पालिका और संपूर्ण समाधान दिवस में की । मकान में दरार आने से कोई भी अनहोनी घटना हो सकती है। डॉ. शराफत ने कहा कोई हादसा न हो, इसके लिए मकान के बाहर पिलर लगवा रहे थे। तभी नगर पालिका की तरफ से जेसीबी से तोड़ने के लिए पहुंचे। लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया तो पालिका कर्मियों को लौटना पड़ा। इस दौरान उन्होंने पालिका के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस मौके पर तहसीलदार ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया । इस दौरान सलीम, जैनू, नौशाद, रहीशू, मास्टर आजाद, जावेद, चांद, सलमान, नौशाद मौजूद रहे। दूसरी तरफ पालिका के ईओ ललित कुमार आर्य ने बताया कि कोई भी पाइप लीकेज नहीं है। बुधवार को शिकायत की जांच करवाई जाएगी।