बागपत। यातायात माह के तहत रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने हेलमेट मेले का आयोजन किया। इस दौरान डीएम भवानी सिंह खंगारौत और एसपी जय प्रकाश ने बगैर हेलमेट सफर करने वाले दुपहिया वाहन चालकों को रुकवाया। उनको हेलमेट खरीदने के लिए प्रेरित किया। बाद में उनको हेलमेट पहनाकर फूल भेंट किए।
बागपत की सड़कों पर बहुत कम दुपहिया वाहन चालक हेलमेट लगाकर चलते हैं। इस कारण सड़क हादसों में हर साल सैकड़ों लोगों की जान जाती है। बढ़ते हादसों को कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करती है। इस क्रम में रविवार को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कलक्ट्रेट के पास ट्रैफिक पुलिस ने हेलमेट मेले का आयोजन किया। इस दौरान डीएम भवानी सिंह खंगारौत, एसपी जय प्रकाश, सीओ दिलीप सिंह, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बगैर हेलमेट लगाकर यात्रा करने वाले दुपहिया वाहन सवारों को रोका। उनको सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वाहन सवारों से सस्ते दाम में हेलमेट खरीदवाए । बाद में अफसरों ने उनको हेलमेट पहनाकर फूल भेंट किए। इसके साथ ही चिकित्सकों द्वारा वाहन चालकों की आंखों और ब्लड प्रेशर की चिकित्सकों ने जांच की । अफसरों ने भी अपनी जांच कराई। टीएसआई लोकेंद्र शर्मा ने कहा 285 दुपहिया वाहन सवारों ने हेलमेट खरीदकर यातायात के नियमों के पालन करने की शपथ ली। इस मौके पर हरि कैलाश, यशवीर समेत कई पुलिस वाले मौजूद रहे।
महिलाओं ने भी खरीदकर पहने हेलमेट
बागपत। दुपहिया वाहन पर सवार महिलाओं ने भी हेलमेट खरीदकर पहने। उन्होंने पुलिस के कार्य की सराहना की। पुलिस वाले बगैर हेलमेट सफर करने वाले लोगों से कह रहे थे कि यह तो हेलमेट खरीदकर पहनो, या अपना चालान कराओ।