बागपत। पड़ोसी जिले मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में चुनाव को देखते हुए बागपत में चुनावी सभाओं और जुलूस की सभी स्वीकृतियों को निरस्त कर दिया गया है। डीएम भवानी सिंह खंगारौत का कहना है कि अधिकतर पुलिसबल पड़ोसी जिलों में चुनाव में गया हुआ है, इस वजह से प्रशासन ने यह कदम उठाया है। किसी को कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने की छूट नहीं दी जाएगी।
शनिवार को डीएम ने बताया कि जुलूस और सभाओं को जो अनुमति प्रशासन की ओर से दी गई थी, सभी निरस्त कर दी गई है। जनपद में पुलिस बल अपर्याप्त है, क्योंकि पड़ोसी जिलों के चुनाव में पुलिस बल गया हुआ है कानून व्यवस्था का ध्यान में रखते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने जुलूस और सभाओं कि जो स्वीकृति ली थी, उन्हें तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। इसके बावजूद भी अगर कोई जुलूस सभा करता है तो उसके खिलाफ पंजीकृत कार्यवाही की जाएगी। 29 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। गुंडा तत्वों को मनमानी नहीं करने देंगे।
दोघट और टीकरी में चेकिंग अभियान
दोघट। नगर पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए एएसपी अजय कुमार सिंह ने दोघट और टीकरी कस्बों के बाजारों में संदिग्ध लोगों की चेकिंग कराई। इससे दोनों कस्बों में लोगों को निडर होकर मतदान के लिए कहा गया। दोघट व टीकरी नगर पंचायतों में चल रहे चुनाव को देखते हुए शनिवार की शाम अचानक एएसपी अजय कुमार दोघट थाने जा पहुंचे। तथा स्थानीय पुलिस को साथ लेकर टीकरी और दोघट के बाजारों में वाहनों तथा बाजार घूम रहे संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गयी। उन्होंने थानाध्यक्ष दोघट चितवन कुमार से दोनों कस्बों के अलावा कस्बों में जाने वाले रास्तों पर भी चेकिंग कराने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी कीमत पर असमाजिक तत्व बख्शे नहीं जाए।