बड़ौत (बागपत)।
जेवी डिग्री कॉलेज में मंगलवार को सुबह के समय कुश्ती स्टेडियम मेें गैस सिलेंडर लीक होने से धमाका हो गया। इसकी चपेट मेें आने से एक पहलवान झुलस हो गया और स्टेडियम की दीवारों में दरार आ गई। सीएचसी के चिकित्सकों ने पहलवान को मेरठ रेफर किया। इस हादसे से कॉलेज में हड़कंप मच गया।
घायल पहलवान संदीप कुवाना गांव जनपद शामली का रहने वाला है। मंगलवार को सुबह जैसे ही पहलवान संदीप कॉलेज में बने कुश्ती स्टेडियम मेें पहुंचा तो वहां पर रखा सिलेंडर पहले से ही लीक हो रहा था, लेकिन दुर्गंध नहीं आने के कारण संदीप कुछ समय नहीं आया। जैसे ही उसने सिलेंडर को जलाने का प्रयास किया, तभी जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। इसकी चपेट मेें आने से पहलवान संदीप गंभीर रुप से झुलस गया। जबकि वहां पर मौजूद अन्य पहलवानों ने भागकर जान बचाई। कुछ खिलाड़ी झुलसे पहलवान को लेकर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां के चिकित्सकों ने पहलवान को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। कुछ लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को भी की।
कुश्ती स्टेडियम में धमाका होने की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार सूचना देने के बाद भी कोच विवेक मौके पर नहीं पहुुंचे। दूसरी तरफ घटना को लेकर पहलवानों सहित अन्य खिलाड़ियों मेें कोच के प्रति आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई कराने की मांग की। दूसरी तरफ कोच विवेक ने घटना से अनभिज्ञता जताकर पल्ला झाड़ लिया। दूसरी तरफ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. यशवीर सिंह तोमर ने कहा मामले की जांच की जाएगी। किसी की लापरवाही बर्दास्त नहीं होगी।