बागपत। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद से जुड़े कर्मचारियों ने सुबह नौ बजे दफ्तर आने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा शासन का सुबह नौ बजे दफ्तर पहुंचने का आदेश केवल अधिकारियों के लिए हैं। इस आदेश की आड़ में अधिकारी कर्मचारियों का शोषण करने में लगे हैं।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव के नाम संबोधित डीएम भवानी सिंह खंगारौत को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कर्मचारी नौ बजे दफ्तर में नहीं बैठेंगे। सरकार ने सक्षम अधिकारियों को ही सुबह नौ बजे दफ्तर में बैठने के आदेश दिए हैं, न की सभी कर्मचारियों को। इस आदेश के बाद से उच्चाधिकारी अपने दफ्तर के कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। जबरन उन्हें नौ बजे कार्यालय में उपस्थित होने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा यदि जबरदस्ती कार्यालय में नौ बजे बैठने के लिए बाध्य किया तो इसके विरोध में कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला मंत्री मुकेश कुमार शर्मा आदि रहे।