बुलंदशहर जिले के कोटा निवासी आनंद यादव ने मांगी मन्नत
संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी (बागपत)। बुलंदशहर जिले के कोटा निवासी आनंद यादव ने 90 किलोमीटर दौड़ लगा कर दो सौ श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ बालैनी थाना स्थित चकबंदी देवता के दर्शन किए। देवता पर जल चढ़कर मन्नत मांगी।
आनंद यादव पुत्र रजुआ यादव ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और चकबंदी देवता को अपना कुल देवता मानता है। वह प्रतिवर्ष एक बार देवता के दर्शनों के लिए आता है। उसने चकबंदी देवता से मन्नत मांगी थी कि मुराद पूरी होने पर वह अपने घर से दौड़ लगाकर बाबा के दर्शन कर जलाभिषेक करेगा। उसने 90 किलोमीटर दौड़कर चकबंदी देवता के दर्शन किए। उसका दावा है कि वह बृहस्पतिवार 24 सितंबर को रात 12 बजे बिना रुके दौड़ लगाकर दो सौ श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ शुक्रवार सुबह 11 बजे चकबंदी देवता पर पहुंचा और बाबा के दर्शन कर जलाभिषेक किया।