खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम डूंडाहेड़ा के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव में स्थित फैक्टरी से निकलने वाले धुएं से निजात दिलाने की मांग की। उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से शिकायत की जांच कराकर समस्या से निजात दिलवाने का भरोसा दिलाया।
क्षेत्र के ग्राम डूंडाहेडा के लोग शनिवार को एकत्र होकर खेकड़ा तहसील में पहुंचे। वहां उन्होंने प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया ग्राम डूंडाहेड़ा के समीप स्थित एक फैक्टरी में कार्य करने के दौरान कर्मचारी प्लास्टिक जला रहे हैं। इसके चलते फैक्टरी से निकलने वाले धुएं से ग्राम के लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर समस्या हल कराने की मांग की। उपजिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान विकास, धर्मेंद्र, सुंदर, प्रदीप, धीरज, राजू, मुकेश, नरेंद्र, अमित, पंकज, संजय आदि मौजूद रहे।