बड़ौत (बागपत)।
बिनौली रोड से सटे शिव विहार मोहल्ले में एक सिनेमा हॉल में लगे हाई पावर के जेनरेटर से मोहल्ले के लोग परेशान है। शिकायत करने के बाद भी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो मोहल्ले के लोगों ने अपने मकानों को बेचने का मन बना लिया। साथ ही मकान की दीवार पर मकान बेचने की सूचना अंकित कर दी।
एसडीएम समेत उच्च अधिकारियों को मोहल्ले के निवासी पवन सिंह, राम कुमार, घनश्याम, राकेश, पूनम, अमित, सुनील, राजेंद्र शर्मा, राकेश कुमार, भोपाल सिंह आदि ने बताया कि मोहल्ले से सटे एक सिनेमा हॉल में बहुत दिन से हाई पावर जेनरेटर चल रहा है। इससे पूरी कॉलोनी के लोग परेशान हैं। जेनरेटर के धुएं व आवाज से निकलने वाले धुएं से प्रदूषण फैल रहा है और वहां के निवासी घुटन महसूस करने लगे हैं। उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने अपने मकानों को बेचने के लिए घरों की दीवारों पर सूचना अंकित कर दी है। साथ ही उन्होंने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।