दोघट (बागपत)।
बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बामनौली पुलिस चौकी के पास टाटा 207 ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उप डाकघर धनौरा के पोस्टमैन के बेटे प्रशांत की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
धनौरा गांव निवासी डॉ. कुबेर दत्त शर्मा ने बताया कि वह गांव के उप डाकघर में पोस्टमैन है। उसका 28 वर्षीय बेटा प्रशांत उर्फ डिंपल विद्युत निगम दिल्ली में संविदा कर्मचारी था। प्रशांत बुधवार की सुबह आठ बजे के लगभग घर से बाइक पर बड़ौत के लिए चला था। जब वह बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बामनौली पुलिस चौकी के पास पहुंची तो सामने से आ रही टाटा 207 गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। मृतक के पिता ने अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। युवक मौत से परिवार में मातम पसर गया और गांव में शोक छा गया। मृतक के घर पर ग्रामीणों की भीड़ लगी। थानाध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि आरोपी गाड़ी चालक की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
इकलौता बेटा था प्रशांत
दोघट । चाचा ब्रजेश ने बताया कि मृतक प्रशांत इकलौता बेटा था। डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई। दो माह का बेटा पार्थ भी है। उसकी मौत से पत्नी नीलम का बुरा हाल है। परिवार की महिलाएं ढांढस बंधाने में लगी हुई थी।
एक घंटा जाम रहा बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग
दोघट। बामनौली पुलिस चौकी के पास सड़क दुर्घटना के बाद बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लग गया। एक घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस ने पहुंचकर क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया।
पुसार में भी छाया शोक
दोघट। बामनौली गांव के पास सड़क दुर्घटना में प्रशांत की मौत के बाद पुसार गांव में भी शोक छा गया। पुसार गांव निवासी पप्पू शर्मा की बेटी नीलम से प्रशांत की शादी हुई थी।