बड़ौत (बागपत)। पिछले चार दिन से ठप पड़ी बिजली व्यवस्था से क्षुब्ध ढिकाना, कोताना, जौनमाना, मलकपुर व बावली गांव के ग्रामीणों ने बिजलीघरों पर हंगामा किया। इस दौरान उनकी कर्मचारियों से नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने बिजलीघर पर तालाबंदी का भी प्रयास किया। हालांकि बाद में ग्रामीण समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी देकर लौट गए।
ग्रामीणों ने बताया कि चार दिन तक हुई बरसात के चलते क्षेत्र में लगे विद्युत पोल व विद्युत लाइनें टूटी पड़ी है, जिस कारण विद्युत सप्लाई ठप पड़ी हुई है। बरसात तो थम गयी, लेकिन सूचना दिए जाने के बावजूद ऊर्जा निगम के कर्मचारी व अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं। गांव मेें बिजली नहीं होने से न तो पशुओं के लिए चारा कट पा रहा है और न ही पेयजल व्यवस्था हो पा रही है। इंवर्टर तक फेल हो चुके हैं। शाम होते ही पूरे गांव अंधकार मेें डूब जाते हैं, जिस कारण चोरी व अन्य घटनाएं होने की आशंका बनी है। उन्होंने कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई और बिजलीघरों पर तालाबंदी का प्रयास किया। बाद मेें एसई रामबीर सिंह ने ग्रामीणों को फोन कर निगम के कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सप्लाई सुचारु कराने का आश्वासन दिया। तब ग्रामीण शांत हुए।
अधिशासी अभियंता प्रथम गोपाल ने बताया कि बरसात के चलते कई गांवों मेें विद्युत लाइन व पोल टूट गए थे, जिन्हें ठीक कराया जा रहा है। हंगामा करने वालों में रमेश, सुनील, प्रताप, ओमपाल, हरेंद्र, जयकुमार, रोहताश, गोल्डी, जयवीर, मेहरबान, इलियास आदि रहे।