बड़ौत (बागपत)। राम रहीम सेवा दल कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और क्षेत्र में अवैध रेत खनन पर रोक लगाने की मांग उठाई। उन्होंने सीएम से सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
राम रहीम सेवा दल के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे ओर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि प्रशासन ने बिना जांच कराए अवैध रेत खनन का ठेका दिया है। इस संबंध में छपरौली की पट्टी चौधरान में सहदेव की अध्यक्षता मेें पंचायत हुई थी, जिसमेें छपरौली सहित बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के गांव आते हैं। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से खेत दरिया बुर्ज हो जाएंगे। प्रशासन द्वारा पत्थरों का बाण नहीं लगवाया और मंदिर को बचाने के लिए ठोकर नहीं लगवाई गई। किसानों के खेतों के रास्ते पर भारी वाहनों की परमिशन पीडब्लयूडी, मिल प्रशासन, नगर पंचायत छपरौली से नहीं हुई। जिस पट्टी पर खनन किया जा रहा है, उसका कितना घन मीटर खनन किया जाना है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। शाम छह बजे के बाद खनन का आदेश नहीं है, लेकिन ठेकेदार द्वारा रात भर खनन किया जा रहा है। वहीं जेसीबी व पाकलेन द्वारा खनन किया जा रहा है। प्रशासन ने कितनी मशीनों का आदेश दिए है, रेत स्टॉक की कहां-कहां स्वीकृति है, इस संबंध मेें उन्होंने सीएम को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और इन अनियमितताओं को देखते हुए अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की। इस अवसर पर सुरेश, प्रेेमपाल, अलीहसन, विजयपाल, हरपाल, सुदेश, राजपाल मौजूद रहे।
रेत से भरा ओवरलोड ट्रक छोड़कर भागा
बड़ौत (बागपत)। एसडीएम अरविन्द कुमार द्विवेदी को सूचना मिली की छपरौली यामुन खादर से ओवरलोड ट्रक बड़ौत आ रहा है। इस पर उन्होंने औद्योगिक पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान ओवरलोड ट्रक को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद ट्रक चालक रोडवेज डिपो के पास ट्रक छोड़कर भाग निकला। ट्रक को एसडीएम ने कब्जे में ले लिया। ट्रक में 10 टन बालू स्वीकृति से अधिक भरा हुआ है। उन्होंने कार्रवाई के लिए खनन अधिकारी को लिखा है।