दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव के शिव मंदिर प्रांगण में गन्ना समस्याओं को लेकर चौगामा क्षेत्र के किसानों की पंचायत हुई। इसमें खतौली मिल के अधिकारियों और गन्ना समिति बुढ़ाना के सचिव ने पहुंचकर आश्वासन दिया कि क्षेत्र का गन्ना समानुपात में लिया जाएगा। किसानों ने आश्वासन पर बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग जाम करने के निर्णय को वापस ले लिया।
बृहस्पतिवार को बीरबल सिंह की अध्यक्षता में हुई पंचायत में भड़ल, दाहा, गैडबरा, निरपुड़ा, गढ़ी कांगरान, तवेला गढ़ी, आदमपुर, दोघट, गांगनौली के किसानों ने भाग लिया। पंचायत में खतौली और भैंसाना चीनी मिलों द्वारा चौगामा क्षेत्र का गन्ना न खरीदने पर आक्रोश जताया। खतौली चीनी मिल के गन्ना प्रबंधक सतीश बालियान, जोन इंचार्ज अनिल पंवार, गन्ना समिति बुढ़ाना के सचिव, गन्ना सहकारी समिति उलाना के सीडीआई संजय राठी, गन्ना समिति के डायरेक्टर तेजपाल सिंह पंचायत में पहुंचे और किसानों से वार्ता की। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि निरपुड़ा सहित पूरे चौगामा क्षेत्र का गन्ना समानुपात में लिया जाएगा। सामान्य प्रजाति के गन्ने का इंडेंट जारी किया जा रहा है। किसानों ने अधिकारियों को आठ दिन का समय देकर कहा यदि वे अपने वादे से मुकरे तो आठ दिन फिर से पंचायत कर आंदोलन शुरू होगा। संचालन नहार सिंह दरोगा ने किया। इसमें चौगामा खाप के चौधरी कृषि पाल राणा, मांगेराम, रामछैल, जनमेजय, सुखवीर डायरेक्टर, विक्रम प्रधान, देवेंद्र प्रधान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य तेजपाल सिंह, देवेंद्र सिंह, मा. सुरेश राणा, धर्मपाल सिंह, बाबू सत्यवीर सिंह, पूर्व प्रधान कृष्णपाल आदमपुर, पूर्व प्रधान कृष्णपाल राणा, सहेंद्र, गजे सिंह आदि रहे।