अवैध वसूली पर टेंपो चालकों का हंगामा
बिनौली (बागपत)। क्षेत्र में अवैध वसूली को लेकर टेंपो चालक सोमवार को भड़क उठे। उन्होंने काफी हंगामा किया और ग्राम प्रधान एवं सचिव का घेराव कर रोष जताया।
बडौत से बरनावा तक करीब 50 से अधिक टेंपो का संचालन होता है। बिनौली बस स्टैंड पर एकत्र टेंपो चालकों ने सोमवार को काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चालकों ने आरोप लगाया कि बिनौली में बस स्टैंड पर सवारियां लेने और उतारने के नाम पर उनसे अवैध वसूली की जाती है। हर साल यह अवैध वसूली बढ़ाई जा रही है। चालक ग्राम पंचायत सचिवालय में ठेका छोड़ने के लिए चल रही ग्राम पंचायत की बैठक में पहुंच गए। वहां ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव का घेराव कर वसूली बंद करने की मांग की।
इस दौरान इंद्रपाल, उपेंद्र, इरफ़ान, देवेंद्र, तेजपाल, तेजवीर, राहुल, छोटू, अवनीश, सतेंद्र, मनीष, अकबर, सुधीर आदि मौजूद रहे। इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव रविंद्र यादव का कहना था कि बस स्टैंड का ठेका छोड़ा जाएगा तथा ठेका प्राप्त करने वाले से पार्किंग का निर्धारित शुल्क लेने का शपथ पत्र लिया जाएगा।