बड़ौत (बागपत)।
किरठल गांव में स्थित पालीटेक्निक की भूमि पर हुए अवैध कब्जे को सोमवार को तहसील प्रशासन की टीम पहुंची तो दबंग लोग टीम से उलझ गए। इस दौरान टीम के साथ नोकझोंक हुई। बाद मेें सूचना पर पहुंची पुलिस ने सख्ती से भूमि पर बनाए अवैध मकान को क्षतिग्रस्त किया और दोषी व्यक्ति को थाने ले गई।
तहसील दिवस में ग्रामीणों ने एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी से शिकायत की कि गांव स्थित पालीटेक्निक की भूमि पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर मकान बना लिया है। मामले को गंभीरता से लेकर सोमवार को एसडीएम ने हल्का लेखपाल बिजेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में गठित टीम को मौके पर भेजा तो टीम से लोग उलझ गए। टीम के साथ लोगों की नोकझोंक हुई। हंगामा बढ़ता देखकर लेखपाल बिजेंद्र सिंह तोमर ने रमाला पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सख्ती से लोगों को खदेड़ा और पालीटेक्निक की भूमि पर बने अवैध मकान को क्षतिग्रस्त कर मकान बनाने वाले व्यक्ति को अपने साथ थाने ले गई। इस संबंध में हल्का लेखपाल बिजेंद्र सिंह तोमर ने बताया सुभाष पुत्र छोटे निवासी किरठल ने उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। पुलिस सुभाष को पकड़कर थाने ले गई है। इस मामले की रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी।