बिनौली (बागपत)।
वीर शाहमल रायफल क्लब, बिनौली परिसर शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जापान में हुई एशियन एयरगन शूटिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले निशानेबाज सौरभ चौधरी को एसपी जयप्रकाश ने पुरस्कृत किया।
इस मौके पर एसपी जयप्रकाश ने कहा जनपद में विभिन्न खेलों की एक से बढ़कर एक प्रतिभाएं छिपी हैं। निशानेबाजी की प्रतिभाओं ने तो अपने शानदार प्रदर्शन से विश्व पटल पर पहचान बनाई है। साथ ही जनपद का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर उन्होंने जापान के वाको शहर में हुई एशियन एयरगन शूटिंग चैंपियनशिप में दस मीटर एयर पिस्टल की व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धा में दो गोल्ड मेडल जीतने और यूथ ओलंपिक के लिए स्थान बनाने वाले सौरभ चौधरी को ट्राफी देकर पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षक अमित श्योराण की भी सराहना की । प्रशिक्षु शूटरों को भी एसपी ने कठिन परिश्रम कर लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया। इससे पूर्व विजेता शूटर का ग्रामीणों व साथी निशानेबाजों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर क्लब के संरक्षक नकुल शर्मा, राजन राणा, विशाल पन्नू, वाटसन मलिक, अनुराग, सनव्वर, वसीम खान आदि मौजूद रहे।