दाहा। भड़ल गांव में तीन मिलों ने क्रय केंद्र लगाए गए है, लेकिन कम पर्ची आने से किसानों को परेशानी हो रही है। खेतों में गन्ना खड़ा हुआ है। गेहूं बुआई का समय निकलता जा रहा है। किसानों ने बैठक कर इस पर रोष व्यक्त किया।
शुक्रवार को भड़ल गांव में किसानों की बैठक रालोद नेता डॉ. विनोद राणा के आवास पर हुई। क्षेत्र के किसानों ने कहा कि गांव में भैसाना, मंसूरपुर और खतौली मिल का क्रय केंद्र लगा हुआ है। किसानों को कम पर्ची भेजी जा रही है, जिस पर रोष प्रकट किया। खेतों में गन्ना खड़ा है। पर्ची न मिलने से गन्ने की कटाई नहीं हो पा रही है। गेहूं बुआई का समय है, लेकिन खेत खाली नहीं है। गन्ने के साथ-साथ गेहूं की भी चिंता सताने लगी। ओने-पोने दामों में किसान कोल्हू पर गन्ना बेचने को मजबूर है। आरोप भी लगाया कि मिलों द्वारा बाहरी गन्ना खरीदा जा रहा है जो सहीं नहीं है। चेतावनी दी जल्द पर्याप्त मात्रा में पर्ची नहीं भेजी तो इसके विरोध में क्रय केंद्रों पर हंगामा और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अध्यक्षता देवेंद्र प्रधान ने और संचालन पालेराम ने किया। संजीव, वीरेंद्र, साबिर राणा, भोपाल, राजन राणा, जितेंद्र, रामपाल, हरेंद्र, अनिरुद्ध, सतेंद्र, राजीव, विकास, तेजपाल, योगेंद्र, अश्वनी, अशोक, अभिषेक, देशपाल मौजूद रहे।
---------
रिजेक्ट गन्ना नहीं खरीदा तो आंदोलन: रालोद
बागपत। रालोद जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह ने कहा कि रिजेक्ट गन्ने की प्रजाति को चीनी मिल नहीं लें रहा है। जिससे किसान परेशान है। गेहूं बुआई नहीं हो रही है। किसानों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। खेतों में गन्ना खड़ा है। प्रशासन इनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। डीएम को सभी प्रकरण से अवगत कराया जा चुका है, उसके बाद भी कोई रास्ता नहीं निकाला। प्रशासन को चेतावनी दी रालोद सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगा। रामनिवास, विनोद खेड़ा, संदीप चौधरी मौजूद रहे।
----------
20 तौल केंद्र चालू नहीं, किसान परेशान
बागपत। पेराई सत्र आरंभ चुका है, लेकिन अभी करीब 20 तौल केंद्र चालू नहीं हो सके हैं। जिले में 324 तौल केंद्र स्थापित किए जाने थे, लेकिन अभी तक केवल 304 केंद्र ही स्थापित हो गए हैं। बागपत चीनी मिल के तौल केंद्रों को लेकर विवाद चला आ रहा है। करीब 15 गांव के किसान परेशान हैं। डीसीओ सुशील कुमार का कहना है कि जल्द ही व्यवस्था चालू करा दी जाएगी।
----------
सुनवाई के लिए 21 नवंबर की तिथि तय
बागपत। विवादित चल रहे 15 गांव के केंद्रों पर फैसला नहीं हो सका। समिति चेयरमैन कृष्णपाल ने बताया कि विशेष सचिव ने प्रकरण की सुनवाई की, लेकिन निर्णय नहीं हो सका। सुनवाई के लिए अगली तिथि 21 नवंबर निर्धारित की गई है।