बागपत। राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में रिक्त शिक्षकों के पद भरने की तैयारी है। परिषदीय स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। डीआईओएस, बीएसए और डायट प्राचार्य की कमेटी शिक्षकों का चयन करेगी।
शासन ने राजकीय स्कूलों में खाली पड़े करीब नौ हजार पदों को भरने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्येक जिले से इसके लिए ब्योरा मांगा है। बागपत जिले में करीब 50 पद रिक्त हैं। परिषदीय स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षक अगर जीआईसी में जाना चाहते हैं तो इसके लिए आवेदन करना होगा। पदों के सापेक्ष आवेदन और योग्यता के मापदंड पर जिला स्तरीय तीन सदस्यीय कमेटी शिक्षकों के चयन का फैसला करेगी। डीआईओएस पीके मिश्रा ने बताया राजकीय इंटर और हाईस्कूल में रिक्त पदों पर जल्द ही तैनाती की जाएगी। परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों से अगर पद नहीं भरे गए तो इसके बाद सेवानिवृत्त शिक्षकों का विकल्प रखा गया है। जिले में पांच राजकीय इंटर कॉलेज और 13 हाईस्कूल संचालित है। इनमें करीब 50-55 शिक्षकों की कमी है। शासन ने इन स्कूलों में कमी को दूर करने के लिए शिक्षकों की तैनाती करने की तैयारी की है।