बागपत। मवीकलां गांव में पानी की निकासी न होने के कारण किसानों के खेतों में पानी भरा हुआ है। इससे उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
गांवों में जल निकासी की समस्या विकराल होती जा रही है। घरों के साथ-साथ खेतों में पानी भरा हुआ है। शिकायतों का संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। ओगटी, मलकपुर, किशनपुर बराल, सिंघावली में स्थिति बेहद खराब है। मवीकलां गांव में तो पानी किसानों के खेतों में भरा हुआ है। इस कारण फसलें बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है। ओमपाल की 11 बीघे, जगदीश की छह, हरदेव की नौ, महावीर की 10, जयवीर की 15 सहित 100 बीघे जमीन ऐसी है जिसमें गांव का गंदा पानी भरा हुआ है। किसान कई बार इसकी शिकायत अफसरों से कर चुके हैं, लेकिन पानी की निकासी की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसानों ने चेतावनी दी है कि जल्द अगर जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।