बागपत/रमाला। आबकारी विभाग एवं रमाला पुलिस टीम ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पेट्रोल पंप के सामने चेकिंग के दौरान कैंटर पकड़ लिया। चेकिंग में कैंटर से 800 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद हुई। यह शराब पटियाला से शामली लाई जा रही थी। इनकी कीमत 60 लाख रुपये बताई गई है।
एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने बताया कि बड़ौत की ओर से सुबह साढे़ नौ बजे शामली की ओर जा रहे कैंटर को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया। कैंटर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कैंटर से अरुणाचल प्रदेश मार्का की 800 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कैंटर के आगे और पीछे की नंबर प्लेट पर अलग अलग नंबर लिखे हुए थे। पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। चालक पुरुषोत्तम उर्फ बबलू निवासी गांधी कॉलोनी, राजपुरा, पटियाला पंजाब का रहने वाला है। वह शराब को पटियाला से शामली लेकर जा रहा था। टीम में आबकारी हेडकांस्टेबल महाबीर सिंह, अश्विनी कुमार, एसएसआई रणधीर सिंह, एसआई सुधीर कुमार, एसआई सुमेर सिंह, जितेंद्र, संदीप, निशा मलिक मौजूद रहे।