बड़ौत। कोतवाली में चल रहे मुकदमे में अधिकारियों से मदद कराने के नाम पर महिला से 80 हजार रुपये ठगने वाले युवक को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया।
सीओ युवराज सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी निखिल त्यागी बड़ौत नगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ विजय नगर गली नंबर दो में रहने वाली इकरा पत्नी शाहिद ने तीन दिन पूर्व एसपी नीरज जादौन से शिकायत की थी। बताया था कि उसका कोतवाली बड़ौत में पति के साथ विवाद का मुकदमा दर्ज है। इसी बीच एक युवक निखिल त्यागी ने मुकदमे में अधिकारियों से मदद कराने के नाम पर 80 हजार रुपये मांगे थे। उसने 80 हजार रुपये निखिल को दे दिए, लेकिन उसने कोई मदद नहीं की। उसने अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन नखिल ने वापस नहीं लौटाए। उसने एसपी को शिकायत करते हुए साक्ष्य के रूप में ऑडियो रिकार्डिंग भी सौंपी। सीओ के मुताबिक पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।