बागपत। जिले में 12 मई से दोबारा शुरू हुआ मूल्यांकन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। लगभग 80 फीसदी पूरा हो चुका है। अब शीघ्र 20 फीसदी मूल्यांकन कार्य शेष रहा गया है। मंगलवार को दोनों मूल्यांकन केंद्रों पर 25 परीक्षक अनुपस्थित रहे।
16 मार्च से यूपी बोर्ड का मूल्यांकन कार्य शुरू किया। कोरोना वायरस फैलने के बाद 18 मार्च को मूल्यांकन कार्य स्थगित किया। 12 मई से पुन: मूल्यांकन कार्य शुरू कराया। जनता वैदिक इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा का मूल्यांकन करने के लिए 516 तथा श्री यमुना इंटर कॉलेज बागपत में 362 परीक्षक नियुक्त किए। सोशल डिस्टेंस बनाने के लिए परीक्षकों को दो बैच में बांटा। श्री यमुना इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की 83 हजार 307 और जनता वैदिक में हाईस्कूल की 99 हजार 570 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना था। यमुना इंटर कॉलेज में 78.17 फीसदी तथा जनता वैदिक इंटर कॉलेज में 81.66 फीसदी मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। मंगलवार को दोनों मूल्यांकन केंद्रों में 25 कक्ष निरीक्षक अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त सिंह ने बताया कि केंद्रों में सोशल डिस्टेंस बनाने के लिए परीक्षकों को रोस्टर में बांटा और दिन निर्धारित कर एक-एक बैच को मूल्यांकन के लिए बुलाया। जिले में 80 फीसदी मूल्यांकन कार्य पूर्ण हो चुका है तथा निर्धारित समय से पूरा कार्य पूरा कर लिया जाएगा।