बड़ौत (बागपत)। कंडेरा गांव के ग्रामीणों ने शनिवार को डीएम को शपथपत्र पर शिकायत कर गांव के वर्तमान प्रधान पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई।
शिकायतकर्ता रामपाल, विक्रम सिंह, मास्टर जीत सिंह, धर्मपाल ने डीएम को दिए ज्ञापन मेें बताया कि गांव का वर्तमान प्रधान चंद्रपाल एक दबंग व्यक्ति है, जो पूर्व मेें हुए विकास कार्यों को दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहा है। इतना ही नहीं गांव मेें हुए विकास कार्यों से संबंधित मांगी जा रही आईटीआई का भी जवाब शिकायतकर्ता को नहीं दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान हरवीरी देवी ने अपने कार्यकाल 2005-2010 मेेें श्मशान घाट मेें लिंटर, शेड और चारदीवारी का कार्य कराया । जबकि वर्ष 2010-2015 मेें पूर्व प्रधान सुक्रम पाल ने अपने कार्यकाल में श्मशान घाट के अंदर खड़ंजा निर्माण, मरम्मत कार्य कराया। यह सारा काम भी वर्तमान प्रधान ने अपने कार्यकाल में चारदीवारी के अंदर पूर्व मेें लगे खंड़जा को उखाड़कर उन्हीं ईंटों का रोड़ा तुड़वाकर सीसी डलवाकर दिखा दिया। उन्होंने डीएम से वर्ष 2016-17, 2017-18, वर्ष 2018-19 व 2019-2020 में कराए गए विकास कार्यों की जांच व भौतिक सत्यापन कराने की मांग उठाई। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। उधर, प्रधान चंद्रपाल ने आरोपों को निराधार बताया और कहा कि कुछ लोग झूठी शिकायत कर छवि बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उधर सचिव रेशू तोमर ने बताया कि उन्होंने हाल ही मेें गांव का चार्ज लिया है।