जिले में पुलिस ने शुक्रवार की रात में संघन चेकिंग अभियान चलाया। वाहनों की तलाशी ली गई। हालांकि कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। पुलिस चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुई आतंकी घटना को लेकर जिले में पुलिस अलर्ट है। एसपी शैलेश कुमार पांडेय के निर्देश पर शुक्रवार की रात में पुलिस ने जगह-जगह वाहनों की संघन चेकिंग की। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, मेरठ-बागपत मार्ग, बड़ौत-मेरठ मार्ग, बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर पुलिस तैनात रही। कारों की डिग्गी खुलवाकर तलाशी ली गई। वाहनों में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। वहीं हरियाणा -यूपी बार्डर की निवाड़ा चौकी पर वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस चेकिंग को देखकर वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। एसपी ने बताया कि पुलिस ने चेकिंग अभियान चला कर वाहनों की तलाश ली। खेकड़ा पाठशाला, राष्ट्रवंदना चौक, गौरीपुर मोड़, औद्योगिक पुलिस चौकी बड़ौत, दिल्ली बस स्टैंड चौकी बड़ौत, रमाला थाना, ककड़ीपुर चैक पर पोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान आगे भी जारी रहेगी।