बागपत। शहर के नर्सिंग होम में नवजात बच्चे की मौत के मामले में पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़ित परिवार ने डीएम को ज्ञापन देकर 25 जनवरी से कलक्ट्रेट में अनिश्चित कालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
बंदपुर गांव के पीड़ित परिवार ने दिए ज्ञापन में डीएम ऋषिरेंद्र कुमार को बताया कि 16 जनवरी को मुन्ना एंकलेव में स्थित निकिता नर्सिंग होम में पारूल पत्नी विजय कुमार ने बेटे को जन्म दिया । अस्पताल के चिकित्सकों की लापरवाही के कारण नवजात बच्चे की मौत हो गई। परिजनों के हंगामा करने के बाद पुलिस ने महिला चिकित्सक सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजन 25 जनवरी को कलक्ट्रेट में अनिश्चित कालीन धरना शुरू करेंगे। उन्होंने एसपी शैलेश कुमार पांडेय को भी शिकायती पत्र भेजा। एसपी ने बताया कि सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा ने जांच के लिए तीन चिकित्सकों की टीम गठित की हुई है। जांच रिपोर्ट नहीं आई है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसमें नरेंद्र सिंह, विजय कुमार, ओमप्रकाश आदि उपस्थित रहे।