बागपत। श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन योजना के तहत 88 लाख की लागत से सिलाना कलस्टर के आठ गांवों में स्थित 22 प्राथमिक विद्यालयों में एक्टिविटी सेंटर बनाए जाएंगे। परियोजना अधिकारी ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को प्राक्कलन उपलब्ध कराने के निर्देशित किया है। साथ ही केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डा. सत्यपाल सिंह के गांव बासौली में स्टेडियम बनेगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह के सहयोग से जिले के आठ गांवों का चयन श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के योजना के तहत हुआ था। इसमें सिलाना को क्लस्टर बनाया गया। क्लस्टर में मुकंदपुर, हलालपुर, सिलाना, शेरपुर, बासौली, लुहारा, चांदनहेडी और बरवाला गांव को शामिल किया गया। इन गांवों को प्रस्तावित कार्यों से संतृप्त किया जाएगा। गांवों के शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलकूद के समुचित साधन होंगे। योजना के तहत आठ गांवों के 22 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में एक्टिविटी सेंटर बनवाए जाएंगे। इसके लिए 88 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रशासन को प्राथमिक किश्त प्राप्त हो चुकी है। परियोजना अधिकारी एमएल पटेल ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देशित किया है। बताया कि प्राक्कलनों में स्थल की निर्माण पूर्व की स्थिति, भूमि विवादित तो नहीं है, बीएसए से सहमति, मौके पर कार्य किसी अन्य शासकीय अथवा गैर शासकीय कार्यक्रम, योजनांतर्गत न हुआ हो और संबंधित ग्राम पंचायत और क्षेेत्र पंचायत की कार्य योजना में सम्मिलित न हो।
केंद्रीय राज्यमंत्री के गांव में छह करोड़ से बनेगा स्टेडियम
बागपत। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह के पैतृक गांव बासौली में स्पोटर्स स्टेडियम बनेगा। इसके लिए करीब छह करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं। स्टेडियम की सूचना से गांव के युवाओं और अन्य लोगों में खुशी का माहौल बना हुआ है।