बागपत। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था का पूरा खाका तैयार कर लिया है। जिले में कांवड़ियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। पांच से 10 अगस्त तक दिल्ली-सहारनपुर हाइवे, बागपत-मेरठ, बड़ौत-मेरठ, बड़ौत-बुढ़ाना व सोनीपत-बागपत मार्ग पर वाहन बंद रहेंगे। डायवर्ट के प्लान में छह दिन तक वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखकर जिले में पांच अगस्त से भारी वाहनों को बंद कर दिया जाएगा। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस मुस्तैदी से तैनात रहेगी।
यह रहेगी डायवर्जन व्यवस्था:
दिल्ली-सहारनपुर हाइवे मार्ग: गौरीपुर तिराहे से बड़ौत की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा। डूंडाहेड़ा पुलिस चौकी से बागपत की तरफ कोई वाहन नहीं आएगा। इस मार्ग पर सिर्फ कांवड़ियां ही चलेंगे। सहारनपुर से दिल्ली जाने वाला यातायात शामली से करनाल होते हुए एनएच-1 से दिल्ली जाएगा और इसी प्रकार दिल्ली से शामली, सहारनपुर जाने वाला यातायात वजीराबाद पुल दिल्ली से करनाल होते शामली जाएगा।
बागपत-मेरठ मार्ग : इस मार्ग पर बालैनी से पहले श्रीकृष्ण धर्म कांटे पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा। इस स्थान से आगे कोई वाहन नहीं जाएगा। इससे आगे केवल कांवड़ियां और पैदल यात्री ही जाएंगे। इसी प्रकार हिंडन नदी के पार मेरठ की तरफ बैरियर लगाकर वाहनों को रेाका जाएगा। बैरियर से बालैनी की तरफ केवल पैदल यात्री ही आएंगे। इस मार्ग पर श्रीकृष्ण धर्म कांटे से हिंडन नदी के बीच यातायात पूर्ण बंद रहेगा।
बड़ौत-मेरठ मार्ग: इस मार्ग पर बिनौली में बड़ौत की तरफ बैरियर लगाकर मेरठ जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। इसी प्रकार इसी मार्ग पर खिवाई तिराहा थाना रोहटा जनपद मेरठ पर बैरियर लगाकर बड़ौत-बरनावा-बिनौली की तरफ आने वाले वाहनों को रोका जाएगा। बिनौली से खिवाई तिराहे के बीच यातायात पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग: इस मार्ग पर बड़ौत से भड़ल गांव तक यातायात पूर्णत: बंद रहेगा। बड़ौत और भड़ल में बैरियर लगाकर यातायात को रोका जाएगा। इस मार्ग से दिल्ली को जाने वाला यातायात बुढ़ाना चौराहे से शामली होते हुए एनएच-1 से दिल्ली जाएगा।
सोनीपत-गौरीपुर-मेरठ मार्ग: इस मार्ग पर निवाड़ा यमुना नदी पुल से सिंघावली अहीर थाने से आगे श्रीकृष्ण धर्म कांटे पर बैरियर स्थापित किया जा रहा है। इस स्थान से आगे बालैनी की तरफ यातायात पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इस तरफ से आने वाला यातायात हरियाणा के बहालगढ़-वजीराबाद दिल्ली- गाजियाबाद से वैकल्पिक मार्गों से मेरठ जाएगा। इसी प्रकार मेरठ से सोनीपत जाने वाला यातायात इन्ही मार्गों से होता हुआ सोनीपत आदि स्थानों को जाएगा।
एक्सप्रेस-वे पर बढ़ेगी वाहनों की संख्या
बागपत। कांवड़ यात्रा के दौरान रूट बंद हो जाने से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की संख्या बढ़ जाएगा। कांवड़ लेने जा रहे हरियाणा और दिल्ली के कांवड़िया इस बार एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की नजर
बागपत। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर सादी वर्दी में पुलिस तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मेरठ आईजी कार्यालय में सोशल मीडिया लैब बनाया है। सोशल मीडिया पर पुलिस नजर रखेगी। उन्होंने जनपद वासियों से कांवड़ यात्रा में सहयोग की अपील की।