बागपत। यूपी पुलिस की लिखित परीक्षा शांति पूर्वक संपन्न हुई। अंतिम दिन दोनों पाली में 281 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। परीक्षा समाप्त होने पर पुलिस अफसरों ने राहत की सांस ली। परीक्षा में दोनों दिन पुलिस सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
जिले में श्री यमुना इंटर कॉलेज बागपत और कालिंदी देवी कॉलेज बड़ौत में परीक्षा केंद्रों पर दूसरे दिन भी भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच यूपी पुलिस की लिखित परीक्षा हुई। मुख्य गेट पर सघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया। बायो मैट्रिक मशीन से अभ्यर्थियों की हाजिरी लगाई। परीक्षा कक्ष में सेंसर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा हुई। यमुना इंटर कॉलेज बागपत के केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य जयपाल शर्मा ने बताया कि प्रथम पाली में 720 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। 660 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, 60 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 720 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। 42 अनुपस्थित रहे। 678 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कालिंदी देवी कॉलेज बड़ौत के केंद्र व्यवस्थापक डॉ. उम्मेद सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में 1344 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। 1244 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। एक सौ अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 1344 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। 79 अनुपस्थित रहे। 1265 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोनों परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच परीक्षा हुई। कोई भी अभ्यर्थी नकल करते नहीं पकड़ा गया। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि परीक्षा शांति पूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा पूर्ण रूप से नकल विहीन कराई। दोनों परीक्षा केंद्रों पर कोई भी मुन्ना भाई नहीं पकड़ा है। दोनों परीक्षा केंद्रों से कापियों को भर्ती बोर्ड भेजा जाएगा।
आकाश की छूट गई परीक्षा
बागपत। सहारनपुर निवासी आकाश पुत्र सुरेंद्र परीक्षा केंद्र पर 10 मिनट लेट पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसे केंद्र में एंट्री नहीं दी। उसे केंद्र के बाहर से वापस भेज दिया। आकाश ने बताया कि ट्रेन लेट होने के कारण वह देरी से पहुंचा है। उसने पुलिस अफसरों के पैर भी पड़े, लेकिन उनका दिल नहीं पसीजा। अफसरों ने कहा कि वे रूल नहीं तोड़ सकते। परीक्षा केंद्र में साढ़े नौ बजे तक ही एंट्री होनी थी। आकाश रोता हुआ वापस चला गया। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभ्यर्थी देरी से आया, इसलिए उसे एंट्री नहीं मिली।
बच्चों को लेकर पहुंचे अभ्यर्थी
बागपत। यूपी पुलिस की परीक्षा देने कुछ विवाहित अभ्यर्थी भी पहुंचे। परिजन उनके बच्चों को संभालते रहे। अभ्यर्थी परीक्षा देने चले गए। सहारनपुर का राकेश अपने एक साल के बच्चे को लेकर लाइन में खड़ा दिखाई दिया। पत्नी के साथ वह परीक्षा देने पहुंचा था। केंद्र में अंदर जाने से पहले बच्चे को पत्नी को दे दिया।
गर्मी से बेहाल रहे अभ्यर्थी
बागपत। यूपी पुलिस की परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। परीक्षा केंद्र के बाहर काफी देर तक लाइन में खड़े रहे। गर्मी के कारण परेशानी हुई।
केंद्र के बाहर उतरवाए आभूषण
बागपत। यूपी पुलिस की परीक्षा देने आई युवतियों के आभूषण परीक्षा केंद्रों के बाहर से उतरवा लिए गए। कानों की बालियां, कंगन, चूड़ी, हेयर बैंड, नाक की लॉग, अंगूठी पहनकर आई युवतियों को केंद्र के अंदर नहीं जाने दिया। आभूषण उतारने के बाद ही उन्हे एंट्री मिली।
पुलिस ने लगाई पूरी ताकत
बागपत। यूपी पुलिस की परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जिले की पुलिस की पूरी ताकत लगा रखी थी। एसपी जयप्रकाश स्वयं दोनों केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। बागपत, खेकड़ा, बड़ौत, रमाला सर्किल के क्षेत्राधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी । बागपत में एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम विवेक कुमार यादव, सीओ बागपत दिलीप सिंह, सीओ खेकड़ा वंदना शर्मा तैनात रही। बड़ौत में एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी, सीओ रामानंद कुशवाहा सुरक्षा व्यवस्था को जायजा लेते रहे।
एंटी रोमियो टीम रही तैनात
बागपत। परीक्षा केंद्रों के आसपास युवतियों से छेड़छाड़ की घटनाओं न हो, इसके लिए एंटी रोमियो टीम तैनात की गई थी। बागपत व बड़ौत में सादी वर्दी में एंटी रोमियो टीम मनचलों पर नजर रखे रही।