यूपी पुलिस की परीक्षा के अंतिम दिन भी अभ्यर्थियों को परेशानी उठानी पड़ी। फुटपाथ और चबूतरों पर लेटकर ही अभ्यर्थियों ने दूसरी रात गुजारी। सबसे ज्यादा भीड़ नगर पालिका मार्केट में रही। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। शासन ने उनके लिए बसों की भी कोई व्यवस्था नहीं की।
जिले में यूपी पुलिस की लिखित परीक्षा देने आए सहारनपुर के अभ्यर्थियों को दो दिन संकट में गुजारने पड़े। शासन-प्रशासन की तरफ से ठहरने की कोई व्यवस्था न होने के कारण अभ्यर्थी ने दूसरे दिन भी फुटपाथ व घरों के आगे बने चबूतरों पर लेटकर रात गुजारी। परिजनों के साथ युवतियां अधिक परेशान रही। उनकी सुरक्षा के लिए भी पुलिस ने कोई इंतजाम नहीं किए । नगर पालिका मार्केट में दो दिन तक अभ्यर्थियों को सबसे ज्यादा भीड़ रही, क्योंकि यहां से परीक्षा केंद्र चंद कदम की दूरी पर है। यहां पर लेटने के लिए भी काफी जगह थी। अभ्यर्थियों की परेशानी यहीं पर ही खत्म नहीं हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद घरों को लौटने में भी मशक्कत करनी पड़ी। घटों तक अभ्यर्थी बसों की इंतजार में बस स्टैंड पर खड़े रहे। एक घंटे बाद बस आई तो उसमें भीड़ होने के कारण अभ्यर्थी चढ़ नहीं पाए। अभ्यर्थियों ने कहा शासन को अभ्यर्थियों के लिए बसों की व्यवस्था करनी चाहिए थी। अतिरिक्त बसों का इंतजाम हो जाता तो यह परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
ट्रेनों में चढ़ने को मची मारामारी
अग्रवाल मंडी टटीरी। यूपी पुलिस परीक्षा देकर लौट अभ्यर्थियों को दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर ट्रेन की छतों व खिड़कियों में लटकर यात्रा करनी पड़ी। ट्रेन में चढने के लिए मारामारी रही। प्रथम पाली की परीक्षा देकर बागपत रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे अभ्यर्थियों को कई घंटे तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। दिल्ली से सहारनपुर जाने वाले पैसेंजर ट्रेन 51911 निर्धारित समय से सवा घंटा देरी से पहुंची। रेलसे स्टेशन पर अभ्यर्थियों को भारी भीड़ लगी रही। शाम को द्वितीय पाली का पेपर समाप्त होने के बाद जनता एक्सप्रेस में भी अभ्यर्थियों की भीड़ रही। ट्रेनों की छतों, खिड़कियों व पॉवर पर लटकर यात्रा करनी पड़ी।