दोघट (बागपत)।
सरोरा गांव में दौराला चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर तीन दिन से तौल बंद रहने से नाराज किसानों ने मिल के खिलाफ प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। किसानों के आक्रोश को देखकर तौल लिपिक वापस लौट गया। सूचना पर मिल के अधिकारी किसानों के बीच पहुंचे और तौल चालू कराई। तौल शुरू होने के बाद किसान शांत हुए।
मंगलवार को किसान गन्ना लेकर क्रय केंद्र पहुंचे। तौल बंद होने के कारण किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। मिल के खिलाफ नारेबाजी कर किसान क्रय केंद्र पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान तौल लिपिक गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंचे, तो किसान भड़क उठे। किसानों के गुस्से को देखकर तौल लिपिक वापस लौट गए। किसानों ने बताया सरोरा गांव में दौरान चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र है। तीन दिन से क्रय केंद्र पर तौल बंद है। किसाना गन्ना लेकर आते हैं, लेकिन तौल बंद होने के कारण वापस लौट जाते हैं। तौल लिपिक किसानों से अभद्र व्यवहार करते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों में 30 प्रतिशत गन्ना खड़ा हुआ है। गेहूं की फसल पक गई है। किसान गन्ने को लेकर परेशान हैं। सामान्य गन्ने की पर्चियां नहीं मिल रही है। चीनी मिल किसानों का शोषण कर रही है। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। सूचना पर दौराला चीनी मिल के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों को समझाकर शांत किया। अधिकारियों ने तौल चालू कराई। तब जाकर किसान शांत पड़े। इसमें रामपाल, राम कुमार, अमन सिंह, नरेंद्र, रामभूल, लोकेश, प्रमोद, राजेंद्र, जितेंद्र, ठाकुर प्रदीप, गौरव कुमार, सुनील, विपिन, मुकेश कुमार, विनीत, सूरज पाल, अमित आदि रहे।