बागपत। जिलेभर में क्रिसमस-डे धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। सेंटा क्लॉज बने छात्रों ने नन्ने-मुन्ने बच्चों को उपहार बांटे। किस्तु ज्योति कान्वेंट पब्लिक स्कूल के गिरजाघर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया । इस दौरान प्रभु यीशु का जन्म दिवस मनाया। वक्ताओं ने बच्चों को प्रभु यीशु के जीवन के बारे में बताया ।
सोमवार को किस्तु ज्योति कान्वेंट पब्लिक स्कूल के गिरजाघर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया । इसमें प्रभु ईसा मसीह के जीवन पर प्रकाश डाला । सिस्टर मरसी ने बताया जीसस क्राइस्ट एक महान व्यक्ति थे। उन्होंने समाज को प्यार और इंसानियत की शिक्षा दी। दुनिया के लोगों को प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया । उन्होंने बताया क्रिसमस के दिन ईसाई समाज के लोग अपने घर और चर्च को सजाते हैं। चर्च में विशेष प्रार्थनाएं होती हैं। लोग अपने रिश्तेदारों एवं मित्रों से मिलने उनके घर जाते हैं। सभी एक दूसरे को उपहार देते हैं। इस दिन आंगन में क्रिसमस ट्री लगाया जाता है। कार्यक्रमों में प्रभु यीशु मसीह की जन्म गाथा को नाटक के रूप में प्रदर्शित किया । इस त्योहार में केक का विशेष महत्व है। मीठे और मनमोहक केक काटकर खिलाए । इस दौरान सिस्टर फिलेमरिया, सिस्टर ग्लाड़ी, सिस्टर रैवी सहित लोग रहे।
गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित क्रिसमस डे कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर सुधीर कुमार ने किया। इसके बाद बच्चों ने मनमोहक और शिक्षाप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समापन पर बच्चों को सम्मानित किया । प्रधानाचार्य अमित चौहान, अक्षय चौहान आदि रहे। चांदीनगर के एमजीएस अल अमन पब्लिक स्कूल पांची में क्रिसमस-डे मनाया गया। सेंटा क्लॉज की ड्रेस में छात्र ने विद्यार्थियों को उपहार बांटे। क्रिसमस ट्री सजाया। इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रधानाचार्य गुलिस्ता मुमताज ने कहा प्रभु यीशु सच्चाई पर डटे रहे, यह सीख सबको लेनी चाहिए, हमेशा सबके भले के बारे में सोचना चाहिए। इसमें एस पंवार, गुलजार, नाजिया, प्रदीप आदि रहे।