बागपत। छह विभाग से होने वाले निर्माण कार्यों की जांच परीक्षण अब गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा की सिविल इंजीनियर प्रयोगशाला में कराए जाएंगे। मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर सीडीओ ने विभागों के अफसरों को निर्देशित किया है। ग्रामीण अभियंत्रण, लोक निर्माण प्रांतीय खंड, लोक निर्माण निर्माण खंड, गन्ना विभाग, जिला पंचायत और पंचायती राज विभाग की ओर से जिले में विकास कार्य कराए जाते हैं। इसमें गुणवत्ता की जांच कराने के लिए विभाग के पास कोई प्रयोगशाला नहीं है। इस कारण विकास कार्यों का सही प्रकार से परीक्षण नहीं होता है। इस कारण सड़कों से लेकर अन्य निर्माण बनने से पहले ही टूट जाता है।
मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने सीडीओ को पत्र जारी कर निर्देशित किया गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा की सिविल इंजीनियर प्रयोगशाला में इन सभी विभागों से होने वाले विकास कार्यों का निर्माण के दौरान ही परीक्षण कराया जाएगा। निर्माण कार्यों की टेस्टिंग के लिए प्रयोगशाला में आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित कार्मिक उपलब्ध हैं। परीक्षा के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को इसके लिए निर्देशित करें। सीडीओ चांदनी सिंह ने सभी कार्यदायी संस्था और विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए विकास कार्यों का परीक्षण गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय की सिविल इंजीनियरिंग प्रयोगशाला में कराया जाना सुनिश्चित करें