बड़ौत (बागपत)।
बड़ौत-कोताना मार्ग पर चलने वाले डग्गामार वाहन संचालकों के खिलाफ बृहस्पतिवार को आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने कोताना रोड पर एकत्र होकर हंगामा किया। बाद में सभी विधायक केपी मलिक के आवास पर पहुंचे। वहां विधायक केपी मलिक ने एआरएम को बुलाकर जल्द से जल्द इस मार्ग पर पूर्ण रूप से डग्गामार वाहन बंद कराकर बसों का नियमित रूप से संचालन कराने के निर्देश दिएं। तब छात्र शांत पड़े।
छात्रों ने कहा बड़ौत-कोताना मार्ग पर बसों का संचालन ठप होने से डग्गामार वाहनों की भरमार है। जो यात्रियों से मनमाना किराया वसूलते हैं। इससे इस मार्ग पर के दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि डग्गामार वाहन चालक एक तो यात्रियों से दोगुना किराया वसूलता है और ऊपर से यात्रियों को छतों पर बैठाने के अलावा अंदर भूसे की तरह भरते हैं। बाद में सभी एकत्रित होकर विधायक केपी मलिक से मिले। विधायक केपी मलिक ने फोन पर एआरएम सीपी कमल को बुलाया। विधायक निवास पर चली घंटों तक वार्ता के बाद एआरएम ने जल्द ही मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन ठीक कराने का आश्वासन दिया। तब छात्र शांत हुए। हंगामा करने वालों में प्रिया, कोमल, अन्नू, पिंकी, मोनिका, सोनिका, अंजलि, प्रीति, पूनम, शिखा, रेखा, अंजलि, डिंपल, स्वाति, शिल्पी, प्रियंका, मीनू, दीपा, खुशी, पूजा, वर्षा, देवेंद्र, सुमित, उमेश, दीपक, हरेंद्र, सनी, टिंकू, बबलू, देवेंद्र, मुफीद अली, सोहनवीर, निखिल, अशोक, रूबी आदि रहे।