ऊर्जा निगम के अफसरों पर भड़के विधायक
बड़ौत। किसानों को समय पर फूंके विद्युत ट्रांसफार्मर के बदले नए ट्रांसफार्मर न देने की शिकायत पर शुक्रवार को छपरौली के पूर्व विधायक दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित वर्कशाप पहुंचे और फोन पर निगम के अफसरों को जमकर लताड़ लगाई। साथ ही किसानों को समय पर नया ट्रांसफार्मर देने के निर्देश दिए।
पूर्व विधायक वीरपाल राठी को शिकायत मिली कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित सीटीआर वर्कशाप से किसानों को समय पर विद्युत ट्रांसफार्मर नहीं मिल पा रहे हैं। इस कारण किसानों की फसलें सूखकर बर्बाद हो रही हैं। शिकायत मिलने से नाराजगी विधायक शुक्रवार को सीटीआर वर्कशाप पर पहुंचे और वहां पर पहले से ही मौजूद किसानों को देख ओर भड़क उठे।
किसानों ने बताया कि वे हिम्मतपुर सूजती और लौहडड़ा गांव के रहने वाले है। पिछले 20 दिन से फूंके ट्रांसफार्मर जमा हैं। लेकिन लगातार चक्कर काटने के बाद भी उन्हें ट्रांसफार्मर नहीं मिल रहे हैं। आक्रोशित किसानों ने कर्मचारियों को बंधक बनाने का भी प्रयास किया। पूर्व विधायक ने वहां पर मौजूद जेई और कर्मचारियों को सुधरने की चेतावनी दी। इसके बाद अधिशासी अभियंता एवं एसडीओ को समय पर किसानों को ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस संबंध में एसडीओ ब्रिजेश एवं जेई सीपी सिंह से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि अत्यधिक ट्रांसफार्मर फूंकने से यह समस्या बनी हुई है। हंगामा करने वालों में खिलारी, रमेश, इकबाल, हरवीर, जगवीर, हरेन्द्र, रामपाल, आशीष, नीटू, धर्मेन्द्र शामिल रहे। उधर, पीड़ित इकबाल निवासी बड़ौत ने हिसावदा टाउन में हुए ट्रांसफार्मर गबन को लेकर विधायक से जांच कराने की मांग की।