बागपत। सर्किल रेट बढ़ाने को लेकर 69 आपत्तियां मिली हैं। इनमें जहां बड़ौत में सर्किल रेट कम कराने के लिए आपत्ति दर्ज कराई गई है तो सांकरौद में लोग दोगुने तक सर्किल रेट बढ़वाना चाहते हैं। अब इन आपत्तियों के निस्तारण करके एक जून से नए सर्किल रेट लागू किए जाएंगे जो नौ साल बाद बढ़ेंगे।
यहां जमीनों के सर्किल रेट आखिरी बार वर्ष 2016 में बढ़े थे। इसके बाद से जमीनों के बाजार भाव लगातार बढ़ते जा रहे हैं और वह आसमान पर पहुंच गए। मगर सर्किल रेट अभी तक नहीं बढ़ाए गए। इसको देखते हुए ही बागपत, बड़ौत, खेकड़ा तीनों तहसील क्षेत्रों के नए सर्किल रेट की सूची एक सप्ताह पहले जारी की गई।
इसमें बागपत में राष्ट्र वंदना चौक के आसपास दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे और मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे के किनारे की जमीनों का सबसे ज्यादा सर्किल रेट बढ़ाया गया है। बड़ौत में दिल्ली बस स्टैंड चौक के आसपास और बाजार में सबसे ज्यादा 28 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ाया गया है।
इस तरह खेकड़ा में पाठशाला चौक व पाठशाला मार्ग के पास 25 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ा है। इनकी सूची जारी करके आपत्ति मांगी गई। इसको लेकर खेकड़ा में 38 और बड़ौत में 28 आपत्तियां आई हैं तो बागपत में सबसे कम केवल तीन आपत्तियां आई हैं।
nबड़ौत में मामूली फेरबदल की मांग की गई : बड़ौत उप निबंधक कार्यालय में दर्ज कराई गई अधिकतर आपत्तियों में मांग की गई है कि सर्किल रेट को 30 प्रतिशत तक न बढ़ाया जाए। इसमें मामूली फेरबदल पांच प्रतिशत तक कर दिया जाए। क्योंकि सबसे ज्यादा सर्किल रेट बड़ौत में बढ़ाया जा रहा है। इसलिए वहां सबसे ज्यादा इसका असर पड़ना तय है।
nसांकरौद में दोगुना कराने तो गढ़ी कलंजरी में कम कराने की मांग : खेकड़ा में आई आपत्तियों में मांग की गई है कि सांकरौद में काफी विकास हो रहा है।
इसलिए वहां सर्किल रेट में 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी न की जाए, बल्कि वहां सर्किल रेट दोगुना कर दिया जाए। इससे जमीनों के भाव आसमान पर पहुंच जाएंगे। इसके अलावा खेकड़ा क्षेत्र के गाजियाबाद से सटे गढ़ी कलंजरी व डौलचा में सर्किल रेट नहीं बढ़ाने की मांग की गई है।