बिनौली (बागपत)। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को निशानेबाजी में निपुण करने करने के लिए बीपी सिंघल इंडोर शूटिंग रेंज जौहड़ी पर साप्ताहिक निशानेबाजी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन 30 से अधिक छात्राओं ने अभ्यास किया।
शिविर का शुभारंभ बीएसए बागपत राजीव रंजन मिश्र ने किया। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को भी निशानेबाजी में निपुण किया जाना चाहिए ताकि वे भी अपने प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। शिविर में प्रथम दिन सांई कोच नीतू श्योरान के निर्देशन में करीब 30 छात्राओं ने अभ्यास किया। उन्होंने छात्राओं को मन की एकाग्रता व ध्यान केंद्रित करने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यदि छात्राओं को उचित मार्गदर्शन व प्रशिक्षण मिले तो वे देश का नाम रोशन कर सकती हैं। डॉ. राजपाल सिंह ने कहा कि वे बालिकाओं को निशानेबाजी में अग्रसरित करने के लिए प्रयासरत हैं। कैंप में मीना कुमारी, सोहन प्रधान, रवि दत्त शर्मा, राजेंद्र पाल तोमर आदि रहे।
दूसरी तरफ बीएसए राजीव रंजन ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय लौहड्डा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों से प्रत्येक बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर सचिन चौहान, सीमा, मंजू, सविता, प्रवीण शर्मा, अरूण, मोहिनी आदि मौजूद रहे। इसके बाद बीएलए जौहड़ी गांव स्थित बीपी सिंघल शूटिंग रेंज पर बच्चों को लेकर चले गए।