बागपत। अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का लाभ पहुंचाने पर शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम को जांच कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत कर बताया 37 अपात्रों को लाभ पहुंचाया। इसकी जांच होगी। मिशन निदेशालय के अपर निदेशक ने डीएम को वरिष्ठ अधिकारी से इसकी जांच कराने के लिए निर्देशित किया है। अपात्रों की सूची भी जारी की है।
नगर पंचायत अमीनगर सराय में गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का लाभ नहीं दिया और जिसके घर पहले से ही पक्के हैं और सरकारी नौकरी, जमीदार हैं उन्हें योजना में शामिल किया। पात्र लाभार्थी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। कस्बे के लोगों ने विभागीय अफसरों की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इसके बाद प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी मिशन निदेशालय के अपर निदेशक वीके सिंह ने मामले को गंभीरता से लेकर जांच बैठा दी है। डीएम को प्रकरण की वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराने के लिए निर्देशित किया है। कस्बे के रहने वाले रविंद्र, नरेश, अनिल, आमना, लोकेश, इमामुदीन, वसीम व अरूण शर्मा ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की।
दूसरी तरफ परियोजना अधिकारी डूडा रजनी पुंडीर ने कहा कि किसी भी अपात्र को योजना का लाभ नहीं बनाया। जो सूची शासन को भेजी है, उसमें एक का भी नाम डीपीआर में नहीं है। किसी भी तरह से गलत कार्य नहीं किया। वह जांच कराने के लिए तैयार हैं।