बदहाल बड़ौत-कोताना मार्ग पर हादसों का डर
बड़ौत। बड़ौत-कोताना मार्ग पिछले एक साल से ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। मार्ग जगह-जगह से टूट चुका है। इस कारण वहां से गुजरने वाले राहगीरों व वाहन चालकों के साथ आए दिन हादसे हो रहे है। लेकिन शिकायतों के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसे लेकर लोगों में प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ आक्रोश पनपता जा रहा है।
बड़ौत-कोताना मार्ग से सटे जौनमाना, ढिकाना, बोहला, जागोस, कोताना, खेडी प्रधान आदि सहित दर्जनों गांव के ग्रामीण मार्ग की बदहाली से परेशान हैं। यह मार्ग जगह-जगह से टूटा पड़ा है। इसमें बने गहरे गड्ढे आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। इस कारण लोगों को वहां से आवागमन को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों में सुखदेव पंवार, प्रमोद, धर्मवीर, श्रीपाल, सुभाष, संजीव, कप्तान, अमरपाल, महेंद्र, धर्मेंद्र, ऋषि आदि ने बताया कि मार्ग पूरी तरह से टूट चुका है। पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इस मार्ग को दुरुस्त करना जरूरी है।