बड़ौत (बागपत)। एक साल से जर्जर पडे़ विद्युत पोल और लाइन को शिकायत के बावजूद न बदलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को गांव स्थित बिजलीघर में हंगामा किया। इस दौरान उनकी बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों से नोकझोंक हुई। सूचना के बाद अधिकारियों के न पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजलीघर पर तालाबंदी की और कहा यदि तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
रविवार को प्रधान ओमवीर सिंह के नेतृत्व में काफी ग्रामीण गांव स्थित बिजलीघर पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर बिजलीघर पर तालाबंदी कर दी। प्रधान ओमवीर सिंह ने कहा गांव के मुख्य मार्ग पर लगे विद्युत पोल के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन व नीचे से एलटी लाइन गुजर रही हैं। विद्युत पोल काफी जर्जर हो चुका है और उस पर लगी विद्युत लाइन की हालत भी बहुत जर्जर है। एक साल से विद्युत पोल को बदलवाए जाने की मांग उठाई जा रही है। ऑनलाइन नंबर 1912 पर भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह ने कहा जल्द ही एस्टीमेट बनाकर विद्युत पोल बदलने की कार्रवाई होगी। इनमें प्रधान ओमवीर, अनंग पाल, धीर सिंह, इंद्र, विनोद, मनोज, गौरव, राजवीर आदि शामिल रहे।