बागपत। वापसी के लिए छटपटा रहा रालोद वेस्ट यूपी में हिंदू - मुस्लिम सम्मेलन से ताकत जुटाने में लगा है। अब भाजपा ने रालोद के गढ़ में साल 2019 के चुनाव की पहली चाल चल दी है। कश्यप समाज के बीच आरक्षण का मंत्र फूंका गया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सीधे तौर पर कोई भरोसा नहीं दिलाया, लेकिन केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह और आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने पुरजोर तरीके से मांग उठाई। कश्यप समाज के गौत्र गिनाए और चुनावी रण में भाजपा के खेमे में ही खड़े रहने का आह्वान किया।
मौका महर्षि कश्यप की जयंती का था। बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और मेरठ समेत आसपास के जिलों से भी कश्यप समाज के लोग डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की सभा में पहुंचे। आरक्षण का मुद्दा जोरशोर से उछाला गया। समाज के शैक्षिक, आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्तर की बातें भी खूब हुई। सियासत के दिग्गज यह दावा करना भी नहीं भूले कि कश्यप समाज ने 2014 और 2017 में भाजपा को वोट दिया , लेकिन इस बार भी नैया इन्हीं के हाथ में है। कश्यप समाज पर डोरे डालने की बड़ी वजह, इनकी जनसंख्या भी है। वेस्ट यूपी में बड़ी तादाद में रहने वाले कश्यप समाज को अभी तक लखनऊ और दिल्ली में ऐसा नेतृत्व नहीं मिला है, इसके दम पर इस समाज की पहचान ही बदल सके। यही वजह है कि भाजपा ने कश्यप समाज को साधने की कोशिश की है। एक वजह यह भी है कि वापसी के लिए छटपटा रहा रालोद बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर और बागपत में हिंदू-मुस्लिम सम्मेलन कराने में जुटा है। ऐसे में भाजपा ने पहली चाल चलने के लिए कश्यप समाज को चुनाव और इसके लिए महर्षि कश्यप की जयंती का चयन किया । डिप्टी सीएम मंच से भले ही सीधे तौर पर आरक्षण के मसले पर कुछ न बोलें हो, लेकिन केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, बागपत विधायक योगेश धामा, बड़ौत विधायक केपी मलिक, बड़ौत चेयरमैन अमित राणा ने आरक्षण की वकालत की। भीड़ ने आरक्षण की मांग को दोहराया।
भाजपा दिग्गजों ने गिनाए काम
बागपत। भाजपा दिग्गजों ने पिछड़ों और गरीबों के लिए किए केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों को खूब गिनाया। प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना, उज्ज्वला गैस कनेक्शन समेत तमाम योजनाएं गिनाकर कश्यप समाज को लुभाने की कोशिश की।
डिप्टी सीएम ने कहा उनका गोत्र भी कश्यप
बागपत। डिप्टी सीएम ने मंच से कहा कि उनका गोत्र भी कश्यप है, इस नाते समाज के वह भाई है। इसके अलावा आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने समाज से कहा कि जैसे अब तक भोले-भाले रहे हो, इस तरह भोले-भाले न रहना। सामाजिक जागरूकता और शिक्षा जरूरी है। शिक्षा ही सफलता के द्वार खोल सकती है। समाज का दर्द बारीकी से देखा और समझा है। समाज से एकजुटता का आह्वान किया।