अमीनगर सराय (बागपत)। दौलतपुर गांव को खुले में शौच मुक्त करने के लिए प्रधान ने गांव के बाहर चेतावनी बोर्ड लगा दिया। जंगल में शौच के लिए गए तो एक हजार रुपये का जुर्माना लगेगा।
भारत सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के चलते दौलतपुर गांव की प्रधान ने गांव में लिखित फरमान जारी किया कोई भी व्यक्ति खुले में शौच करता पकड़ा जाएगा उस पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। गांव के बाहर चेतावनी बोर्ड लगवाया। इसके लिए गांव के लोगों को भी शौचालय का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रधान पति मुजफ्फर अली ने कहा कि गांव के हर घर में शौचालय बनवाया। सभी लोग इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। फिर भी लोगों को चेतावनी जारी की ताकि कोई अभियान में बांधा न पहुंचा दें। नफीस अहमद ने कहा गांव में छह माह पहले प्राथमिक विद्यालय में प्रशासन ने कार्यक्रम आयोजित किया। डीएम ने लोगों को जागरूक किया । अब्दुल वहीद ने कहा हर घर में शौचालय है। कोई भी व्यक्ति बाहर शौच के लिए नहीं जाता है। बुजुर्ग मुशर्रफ बेगम ने कहा पहले खुले में शौच जाने में बहुत परेशानी होती थी। जब से घरों में शौचालय बने है इसका लाभ मिल रहा है। चंदर कली ने कहा कि घर में शौचालय का काफी फायदा है। परिवार के सभी लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। बाहर जाने की परेशानी दूर हो गई है।