कम राजस्व वसूली पर अभियंताओं से मांगा स्पष्टीकरण
- ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता ने जताई नाराजगी
बड़ौत। राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा न होने के कारण ऊर्जा निगम के अफसरों की टेंशन बढ़ने लगी है। शनिवार रात अधिशासी अभियंता द्वितीय ने एसडीओ और अवर अभियंताओं के साथ बैठक की। कई अवर अभियंताओं से विद्युत व्यवस्था बेहतर न होने और राजस्व वसूली में पिछड़ने पर स्पष्टीकरण मांगा गया। लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
अधिशासी अभियंता एसपी टांक ने बताया कि राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा न होने पर ऊर्जा निगम के एमडी पवन कुमार तिवारी खासे नाराज हैं। कुछ दिन पूर्व उन्होंने लक्ष्य पूरा न करने वाले कई अवर अभियंताओं और एसडीओ को कारण बताओ नोटिस देकर स्थानांतरण कर दिया है। साथ ही अन्य अधिकारियों को भी जमकर फटकार लगाई। एक साथ बड़ी कार्रवाई को देखते हुए कर्मचारियों व अधिकारियों की टेंशन बढ़ गयी है। शनिवार रात अधिशासी अभियंता एसपी टांक ने पूरी रात अवर अभियंताओं और एसडीओ के साथ बैठक की।
अधिशासी अभियंता ने एसडीओ सुधाकर और चैन सिंह को भी सख्य हिदायत दी गई कि भविष्य में राजस्व वसूली और विद्युत आपूर्ति के मामले में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बताया कि बड़े बकायेदारों और बिजली चोरों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जा रही है। सप्लाई और राजस्व पर ध्यान दे। लापरवाही किसी की बर्दास्त नहीं होगी। इस अवसर पर विकास कुमार, रविंद्र, राजीव, किशोर आदि शामिल रहे।