बागपत। डेंगू के मरीजों के लिए जिला अस्पताल रेफर सेंटर बन गया है। प्राथमिक जांच में डेंगू मिलने के तुरंत बाद उसको हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया जाता है। जब तक मरीज मेरठ या दिल्ली तक पहुंचा है उसकी ओर ज्यादा हालत बिगड़ जाती है। आलम यह है कि डेंगू के वार्ड पर ताला लटका हुआ है। अमीनगर सराय के बरसिया में बच्चे की डेंगू से मौत हो गई।
जनपद में डेंगू पैर पसारे हुए है। पहले इक्का-दुक्का मरीज आता था। पिछले 15 दिन से तेजी से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। 26 मरीज इन दिनों में अस्पताल में पहुंच गए है। इसमें से अधिकांश मरीजों को हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर किया । इनमें से कई मरीज तो ऐसे हैं जिनकी मेरठ अस्पताल तक पहुंचने में ओर ज्यादा हालत बिगड़ गई। जबकि अस्पताल में अलग से डेंगू वार्ड बना रखा है। उसका पिछले कई दिन से ताला लटका है। यहां पर इलाज न मिलने से मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इनके अलावा कई डेंगू पीड़ित मरीजों की तो मौत भी हो चुकी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का रिकार्ड बताता है कि उनके यहां पर डेंगू से कोई मौत नहीं हुई है। जिला अस्पताल में सामान्य बुखार से ग्रस्त मरीजों का इलाज हो रहा है। सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाहा का कहना है कि यहां पर प्लेट्लेट्स चढ़ाने की व्यवस्था नहीं है। इसके लिए गंभीर मरीजों को मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया जाता है। डेंगू के सामान्य मरीजों का अस्पताल में ही उपचार किया जाता है।
दूसरे स्थानों से आने वाले को हो रहा डेंगू
बागपत। सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाहा का कहना है कि जनपद में डेंगू का ज्यादा प्रकोप नहीं है। दिल्ली, हरियाणा या दूसरे स्थानों से यहां पर आने वाले लोग डेंगू से ग्रस्त है। अस्पताल में ज्यादातर मरीज वायरल फीवर के आ रहे हैं।
अब बरसिया में डेंगू से गई बच्चे की जान
दिल्ली ले जाते समय गई बच्चे की जान
अमीनगर सराय। डेेंगू से एक ओर जान चली गई। इस बार बरसिया गांव के छह वर्षीय बच्चे की मौत हुई है। चिकित्सक के रेफर करने पर दिल्ली ले जाते समय उसकी मौत हुई है।
सिंघावली अहीर क्षेत्र के बरसिया गांव निवास धनपाल का बेटा कार्तिक (6) पिछले पांच दिन से डेंगू से ग्रस्त था। इसका अमीनगर सराय कस्बे के एक निजी चिकित्सक से चल रहा था, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बुधवार की रात में उसकी अचानक हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उसे हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली अस्पताल ले जाते समय बच्चे की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इससे पहले तेड़ा, रटौल, दोघट क्षेत्र में कई की डेंगू से मौत हो चुकी है।