बड़ौत (बागपत)। नगर और क्षेत्र में बुधवार की दोपहर र्हुई बारिश और आंधी के कारण ग्रामीण आंचल सहित नगर की विद्युत व्यवस्था चौपट हो गई। बारिश रुकने के बाद उमस भरी गर्मी से लोग बिलबिला उठे, सूचना के बाद भी विद्युत व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकती। दूसरी तरफ बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
आमतौर पर नगर और ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था चौपट होना आम बात है, आए दिन सप्लाई ठप रहती है, इस कारण लोगों को विद्युत संकट से जूझना पड़ रहा है। बुधवार की दोपहर भी अचानक हुई बारिश और आंधी के कारण नगर सहित ग्रामीण आंचल की विद्युत सप्लाई ठप हो गई। करीबन एक से डेढ़ घंटा बारिश चली। इस दौरान विद्युत व्यवस्था ठप हो गई। बारिश बंद होने के बाद शाम तक भी सप्लाई ठप रही। लोग सप्लाई सुचारु कराने के लिए लोग विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन मिलाते रहे, लेकिन किसी ने फोन रिसीव तक नहीं किया। बारिश बंद होने के बाद उमस भरी गर्मी से लोग बिलबिलाते रहे। इस संबंध में जेई टाऊन इंद्रपाल ने कहा बारिश के चलते सप्लाई बंद करा दी गई, क्योंकि कई बार बारिश में करंट उतरने का डर रहता है।
तेज बारिश के कारण नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे लोगों का आवागमन ठप रहा। नगर की गांधी रोड, नेहरू रोड, बिनौली रोड, किताबों वाली गली, डाकखाना रोड सहित कई जगहों पर जल भराव से लोग परेशान रहे। उधर, सफाई निरीक्षक ब्रह्म पाल सिंह ने बताया नगर मेें बारिश से करीबन डेढ़ माह पूर्व ही सफाई कार्य शुरू करा दी थी। सफाई कार्य जोरों पर है, ताकि लोगों को जल भराव की स्थिति से निजात मिल सके। कई गांवों मेें तालाब पर अतिक्रमण के चलते गंदा पानी से रोड लबालब भर गई। तालाब के पास रहने वाले लोगों के घरों में पानी भर गया।